रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
राजद प्रमुख जिसे चाहते हैं, वो पीएम उम्मीदवार हो जाता है
तेजस्वी को सीएम बनाने पर सब सहमत हैं, लेकिन समय का इंतजार करना होगा
पटना : बिहार में महागठबंधन सरकार में शामिल राजद ने कहा कि नीतीश ही प्रधानमंत्री पद के दावेदार हैं। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा है कि लालू जी ने नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद का दावेदार मान लिया है। राजद प्रमुख जिसे चाहते हैं, वह प्रधानमंत्री पद का दावेदार बन जाता है। ऐसा दो-दो बार हुआ है जब लालू जी ने जिसे चाहा वह प्रधानमंत्री बन जाता है। जगदानंद सिंह ने कहा कि बिहार में समाजवादियों के एक बड़े हिस्से के नेता तेजस्वी यादव हैं, नीतीश कुमार छोटे हिस्से के नेता हैं।जब उनसे सवाल पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद के दावेदार हैं? जवाब में उन्होंने कहा कि बिहार की ओर से नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाने की कोशिश शुरू हो गयी है। प्रदेश राजद अध्यक्ष ने कहा- तमाम समाजवादियों ने मान लिया है कि हमारी तरफ से नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद के दावेदार हैं। अब इसमें कोई किसी तरह की बहस की गुंजाइश नहीं है। नीतीश भले ही समाजवादियों के छोटे हिस्से के नेता हों लेकिन मौजूदा समय में सक्रिय समाजवादी नेताओं में सबसे सीनियर हैं। शरद यादव जी की उम्र ज्यादा हो गयी है, लालू जी कई परेशानियों से घिरे हैं, मुलायम सिंह यादव राजनीति से लगभग रिटायर हो चुके हैं। ऐसे में नीतीश कुमार उन समाजवादियों में सबसे सीनियर हैं जो राजनीति में सक्रिय हैं।
जगदानंद सिंह से जब पत्रकारों ने सवाल किया कि जीतन राम मांझी कह रहे हैं कि नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री और तेजस्वी यादव को बिहार का सीएम बन जाना चाहिये, इस पर उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को सीएम बनाने की बात से सब लोग सहमत हैं लेकिन इसके लिए समय का इंतजार करना होगा।




