रिपोर्ट -अनमोल कुमार:-
RSS पर राहुल के हमले के जबाव में भाजपा सांसद ने चुन-चुन कर किए हमले
नई दिल्ली : राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (RSS) को संकेतों में देशद्रोही संगठन बताने वाले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर अब भाजपा ने जोरदार पलटवार किया है। झारखंड में गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे ने कहा है कि गांधी परिवार से बड़ा कोई देशद्रोही नहीं है। दुबे ने भारत विभाजन, बोफोर्स घोटाला, भोपाल गैस त्रासदी और पाक-चीन की ओर से जमीन पर कब्जा किए जाने का जिक्र करते हुए गांधी परिवार पर जमकर हमले किए।
भाजपा सांसद दुबे ने संसद परिसर में मीडिया से कहा कि लेडी माउंटबेटन के इशारे पर भारत और पाकिस्तान दो देश बने। इनका परिवार देशद्रोही है। बोफोर्स में क्वात्रोची ने पैसा लिया, उसे इन्होंने भगा दिया। भोपाल गैस कांड में एंडरसन की इतनी बड़ी भूमिका थी, आज भी भोपाल कराह रहा है, उसको इन्होंने भगा दिया। चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा किया, पीओके हम आज भी वापस नहीं ला पा रहे हैं। गांधी परिवार से बड़ा देशद्रोही इस देश में कौन है। अपने दिन से जानिए पराए दिल का हाल, इसलिए राहुल गांधी को दूसरा देशद्रोही दिखता है, जो खुद देशद्रोही है, जिसका परिवार देशद्रोही है। यह इतिहास है, मैं कोई नहीं बात नहीं कह रहा हूं।
RSS को संकेतों में देशद्रोही बताने पर राहुल पर पलटवार
दरअसल, राहुल गांधी ने बुधवार को RSS का नाम लिए बिना उसे देशद्रोही संगठन बताया था। हर घर तिरंगा मुहिम को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया था-‘कर्नाटक खादी ग्रामोद्योग के सभी साथियों से मिलकर बहुत खुशी हुई। इतिहास गवाह है, ‘हर घर तिरंगा’ मुहिम चलाने वाले, उस देशद्रोही संगठन से निकले हैं, जिन्होंने 52 सालों तक तिरंगा नहीं फहराया। आजादी की लड़ाई से ये कांग्रेस को तब भी नहीं रोक पाए और आज भी नहीं रोक पाएंगे।




