गोपालगंज में युवती की हत्या कर जमीन में गाड़ा!

SHARE:

अनुज पांडेय की रिपोर्ट :-

भोरे में युवती की हत्या कर जमीन में दफनाया

भोरे :- भोरे में एक युवती की प्रेम प्रसंग में हत्या कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हत्या के बाद युवती के शव को गांव के पास से निकलने वाली सोना नदी में जमीन खोदकर दफन कर दिया गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जमीन से निकाल कर कब्जे में लेते हुए, पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना गुरुवार को देर शाम की बतायी जा रही है। उधर घटना के बाद परिजन फरार हैं। मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के महरादेउर गांव निवासी अमरजीत यादव की पुत्री फूलमती कुमारी की इलाके के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान गुरुवार की देर शाम उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद उसके शव को गांव के पास से निकलने वाली सोना नदी के किनारे मिट्टी खोदकर गाड़ दिया गया। घटना के अगले दिन शुक्रवार की सुबह इसकी सूचना भोरे पुलिस को मिली। जिसने मौके पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश करने के साथ ही सोना नदी के किनारे से जमीन खोदकर शव को बरामद कर लिया। शव की बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। हत्या में आरोपियों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। क्योंकि मृत युवती के घर के पुरुष स्वजन पिता और भाई पहले से ही परदेश में नौकरी करते हैं।घर पर युवती की मां,बहन और भौजाई का ही काफी दिनों से होना बताया जाता है। हालांकि शव को देखने के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या के पूर्व युवती को प्रताड़ित भी किया गया था। जिससे उसके गले पर रस्सी तथा पीठ पर जख्मों के निशान हैं। उधर पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को गायब कर देने के बिंदु पर अपनी तफ्तीश कर रही है। भोरे थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले को हत्या की वारदात मानकर ही जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। वैसे वास्तविक स्थिति अनुसंधान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Join us on:

Leave a Comment