रिपोर्ट -अनमोल कुमार:-
भोजपुर और औरंगाबाद के एसपी रहे राकेश व पोरिका का निलंबन 6 माह और बढ़ा
बालू के अवैध खनन मामले में निलंबित किए गए थे
दोनों IPS पर आय से ज्यादा संपत्ति मामले की जांच चल रही
पटना : बालू के अवैध खनन मामले में निलंबित किए गए भोजपुर के तत्कालीन एसपी राकेश दुबे और औरंगाबाद के तत्कालीन एसपी सुधीर कुमार पोरिका की मुश्किलें कम नहीं हो रहीं। दोनों आइपीएस अधिकारियों का निलंबन और 6 माह के लिए बढ़ा दिया गया है। अब दोनों अफसर 17 जनवरी 2023 तक निलंबित रहेंगे।
भोजपुर के तत्कालीन एसपी राकेश दुबे और औरंगाबाद के तत्कालीन एसपी सुधीर कुमार पोरिका को अब 17 जनवरी 2023 तक सस्पेंड कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के निलंबन को छह महीने तक बढ़ा दिया गया है। इन दोनों अफसरों ने बालू के अवैध उत्खनन में शामिल लोगों की मदद की थी, जिसके बाद से दोनों अफसरों पर आय से ज्यादा संपत्ति मामले की जांच चल रही है।
बता दें कि पहली बार 27 जुलाई 2021 को इन दोनों अधिकारियों को आर्थिक अपराध इकाई की जांच रिपोर्ट और बिहार डीजीपी की अनुशंसा पर 60 दिनों तक के लिए सस्पेंड किया गया था। इसके बाद इनका निलंबन पहले 120 दिन फिर 180 दिन तक बढ़ाई गई थी।
वहीं, 1 जुलाई 2022 को निलंबन समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की थी। उनके निलंबन को अब 21 जुलाई 2022 से 17 जनवरी 2023 तक बढ़ाने की अनुशंसा की गई है।




