धीरज शर्मा के साथ निलांबुज कुमार झा की रिपोर्ट
भागलपुर में सिल्क उद्योग को बढ़ावा देने और तकनीक उपलब्ध कराने को लेकर रेशम निदेशालय और उद्योग विभाग लगातार सक्रिय है। उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पुंडरीक ने जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की समीक्षा की। प्रधान सचिव ने प्रधानमंत्री एंप्लॉयमेंट गारंटी योजना और प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए बैंक कर्मियों को भी दिशा निर्देश दिया। प्रधान सचिव ने बताया जिले में लक्ष्य के अनुरुप कार्य नहीं हो पा रहा है, जिसके लिए डीएम को मॉनिटरिंग करनी होगी। उन्होंने बताया मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत तीन हजार लोगों को स्वीकृति दी गई, जिन्हें जल्द ही पहली किश्त की राशि मिल जाएगी। बियाडा में बंद पड़े उद्योग को 6 महीने में शुरु नहीं किया जाता है तो रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया जाएगा। इसके पहले उन्होंने बर्षों से बंद पड़े नाथनगर स्थित बिहार रेशम एवं वस्त्र संस्थान में संसाधनों का जायजा लिया और यहां फिर से पढ़ाई हो सके इसकी भी संभावना तलाश की। उन्होंने कहा यहां सिल्क का उत्पाद और उसके व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सरकार हर स्तर पर कार्य कर रही है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ निदेशक पंकज दीक्षित, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक संजय कुमार वर्मा और एसडीओ धनंजय कुमार भी थे।




