विशेष प्रमंडल के लिपिक की मौत मामले में पुलिस ने 5 लोगों को किया गिरफ्तार!

SHARE:

ब्यूरो रिपोर्ट

पार्टी के दौरान शराब पीकर गिरने से लिपिक दीप श्रीवास्तव की हुई थी मौत

दुमका

ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल दुमका में कार्यरत लिपिक दीप श्रीवास्तव की मौत मामले की गुत्थी दुमका पुलिस ने लगभग सुलझा ली है।मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है तथा कुछ अन्य लोगों की तलाश जारी है। मामले का खुलासा करते हुए साइबर डीएसपी शिवेंद्र कुमार ने बताया कि बीते 1 फरवरी को डंगाल पाड़ा हिजला रोड दुमका से पुलिस ने विशेष प्रमंडल के लिपिक रातू रोड रांची निवासी दीप श्रीवास्तव का शव बरामद किया था। अनुसंधान के क्रम में पता चला कि 31 जनवरी को विशेष प्रमंडल दुमका में कार्यरत एक कर्मी की सेवानिवृत्ति पर एक फेयरवेल पार्टी रखी गई थी जिसमें दीप श्रीवास्तव भी शामिल हुआ था। उसके बाद मृतक दीप श्रीवास्तव अपने दोस्त संतोष महतो के साथ रेलवे स्टेशन रोड रसिकपुर स्थित उसके आवास पर गया और वहां भी अन्य दोस्तों के साथ मिलकर जमकर शराब और मटन की पार्टी की। अत्यधिक नशा हो जाने के कारण दीप संतोष के ही घर की छत पर गिर पड़ा जिससे उसके सर पर गंभीर चोट लगी। दोस्तों ने दुधानी स्थित निशा मेडिकल ले जाकर उसका इलाज करवाया। इलाज करवा कर संतोष महतो उसे अपने घर रसिकपुर ले गया। इस दौरान उसकी सांसे बंद हो गई और दीप की मृत्यु हो गई। अचानक हुए हादसे से घबराकर सभी दोस्तों ने मृतक को उसके आवास के समीप ले जाकर फेंक दिया और सभी भाग गए। मृतक का मोबाइल साथियों ने कहीं फेंक दिया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने लापरवाही एवं साक्ष्य छुपाने के अपराध में संतोष महतो को गिरफ्तार किया तो उसने अपराध स्वीकार किया और अन्य साथियों का भी नाम बताया जिसके आधार पर पुलिस ने सूरज शर्मा, विक्की शर्मा, अशोक मिस्त्री एवं कृष्णा कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Join us on:

Leave a Comment