जापान की काना मियामुरा पर चढ़ा छठी मैया की भक्ति का रंग, भोजपुरी में गाया छठ गीत!

SHARE:

रिपोर्ट- सोनू सिंह!

जापान की काना मियामुरा पर चढ़ा छठी मैया की भक्ति का रंग, भोजपुरी में गाया छठ गीत; बिहारी परंपरा में रमीं विदेशी युवती


नवादा। लोक आस्था के महापर्व छठ की महिमा ऐसी है कि इसकी आस्था सात समंदर पार से भी लोगों को अपनी ओर खींच लाती है। इसका अनूठा उदाहरण बिहार के नवादा जिले में देखने को मिल रहा है, जहां जापान से पहुंचीं युवती काना मियामुरा छठी मैया की भक्ति में पूरी तरह लीन हैं। काना न केवल पूरे विधि-विधान से छठ महापर्व का अनुष्ठान कर रही हैं, बल्कि गांव की महिलाओं के साथ भोजपुरी में पारंपरिक छठ गीत गाकर लोगों का दिल भी जीत रही हैं।

नवादा के पिरौटा गांव में बिहारी परंपरा के अनुसार कर रहीं छठ पूजा

जापान की रहने वाली काना मियामुरा नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड अंतर्गत पिरौटा गांव में भारतीय रीति-रिवाज और परंपराओं के अनुसार छठ पूजा कर रही हैं। उन्होंने शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का अनुष्ठान शुरू किया। गांव की महिलाओं के साथ मिलकर वे छठ पूजा की सभी परंपराओं को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभा रही हैं।

सूर्य उपासना से प्रभावित होकर छठ व्रत करने का लिया निर्णय

जानकारी के अनुसार, काना मियामुरा पिछले वर्ष भारत भ्रमण पर आई थीं। बौद्ध धर्म को मानने वाली काना दक्षिण भारत के मीनाक्षी मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों पर गई थीं। इस दौरान वे भगवान सूर्य की प्रतिमाओं और सूर्य उपासना की परंपराओं से काफी प्रभावित हुईं। इसी क्रम में नवादा के पिरौटा निवासी अधिवक्ता रंजन कुमार ने उन्हें बिहार के प्रसिद्ध छठ महापर्व की महत्ता, धार्मिक आस्था और कठिन अनुष्ठानों के बारे में बताया। इसके बाद काना ने स्वयं छठ व्रत करने का निर्णय लिया।

दो महीने से कर रहीं सात्विक भोजन, लहसुन-प्याज से भी बनाई दूरी

छठ व्रत की तैयारी काना ने अचानक नहीं की, बल्कि इसके लिए पिछले दो महीने से सात्विक भोजन कर रही थीं। उन्होंने अपने खानपान में विशेष संयम बरता और लहसुन-प्याज का सेवन भी बंद कर दिया था। बताया जाता है कि वे निरोगी शरीर और अच्छे जीवनसाथी की कामना के साथ छठी मैया का व्रत कर रही हैं। इस दौरान वे अधिवक्ता रंजन कुमार की मां सोना देवी के साथ छठ पूजा की परंपराओं का निर्वहन कर रही हैं।

भोजपुरी में छठ गीत गाकर सबको कर रहीं हैरान

काना मियामुरा की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने इंटरनेट पर वीडियो देखकर कई महीनों तक छठ के पारंपरिक गीतों और उनसे जुड़ी परंपराओं को सीखा है। अब वे गांव की महिलाओं के बीच बैठकर पूरे उत्साह के साथ भोजपुरी में छठ गीत गा रही हैं।

उनके मुख से भोजपुरी का प्रसिद्ध छठ गीत ‘पहिले-पहिले हम कइली छठी मैया व्रत तोहार, करिहा क्षमा छठी मैया भूल-चूक गलती हमार’ सुनकर गांव के लोग भी हैरान रह जा रहे हैं।

जापान से हजारों किलोमीटर दूर बिहार की धरती पर काना मियामुरा का छठी मैया के प्रति समर्पण और भोजपुरी संस्कृति के प्रति लगाव लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। उनकी यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि लोक आस्था और संस्कृति की कोई सीमा नहीं होती।

Join us on: