प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या का मामला: पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एक बालक निरुद्ध!

SHARE:

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!


पूर्वी चम्पारण मोतिहारी के चकिया थाना क्षेत्र के मनी छपरा गांव में प्रेम-प्रसंग और शादी को लेकर हुए विवाद में 19 वर्षीय युवक सुबोध कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने हत्याकांड में संलिप्त एक नामजद आरोपी संजय साह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
मृतक की पहचान मनी छपरा बहुआरा निवासी फुलगेन साह के पुत्र सुबोध कुमार के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिजनों के अनुसार, सुबोध की चचेरी बहन की शादी तय हुई थी। इसी बीच सामने के घर में रहने वाले संजय साह ने शादी तय हुए लड़के वालों को फोन कर धमकी दी थी कि यदि शादी हुई तो उनके लड़के को जान से मार दिया जाएगा।
बताया गया कि लड़के वालों ने इस धमकी की जानकारी लड़की पक्ष को दी। इसके बाद लड़की के भाई सुबोध कुमार संजय साह से इस मामले में बातचीत करने पहुंचे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि संजय साह ने तलवार से सुबोध के हाथ पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान सुबोध ने दम तोड़ दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल लाया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद चकिया थाना में मृतक के भाई मुनील कुमार के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 503/26 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी संतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मामले में संलिप्त संजय साह को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में डीएसपी संतोष कुमार, चकिया थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे।

Join us on: