रिपोर्ट :- संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर/गायघाट/बेनीबाद। मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बेनीबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 43 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, केवटसा गांव निवासी 43 वर्षीय पुनीता देवी, पति फकीरा पासवान, गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान NH-27 पर केवटसा के पास एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि पुनीता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने पिकअप को खदेड़कर पकड़ा
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और उसे खदेड़कर बेनीबाद के खादी भंडार के पास पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के डर से चालक वाहन छोड़कर पास स्थित बागमती नदी में कूद गया और वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बेनीबाद पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना की पुलिस गश्ती टीम पदाधिकारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर स्थित SKMCH भेज दिया गया।
वहीं, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को पुलिस ने जब्त कर थाना ले आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे के बाद केवटसा गांव में शोक का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुबह-सुबह हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। फरार चालक की गिरफ्तारी और हादसे के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



