शंखनाद संवाददाता
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह दुष्कर्मियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
जरमुंडी (दुमका)
जरमुंडी थाना क्षेत्र के खुर्द बेलगुमा में एक नाबालिग आदिवासी युवती के साथ गांव के ही कुछ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। मामले का त्वरित निष्पादन करते हुए जरमुंडी एसडीपीओ उमेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित नाबालिग युवती के पिता के द्वारा जरमुंडी थाना में छह युवकों के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया है। दर्ज मामले के अनुसार बीती रात खुर्द बेलगुमा गांव के ही जोसेफ मुर्मू ,संतोष मुर्मू, सुशील मुर्मू, किरानी मुर्मू, बंतरिया गांव के मिथुन मुर्मू एवं जरुआडीह के नीरज मुर्मू के द्वारा उक्त नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया था। नामजद अभियुक्तों के गिरफ्त से छूटने के बाद युवती ने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद थाना में मामला दर्ज कराया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।




