तकनीकी शिक्षा विभाग की बड़ी पहल, दो नए विश्वविद्यालय, बढ़ेंगी सीटें और शिक्षक – मंत्री शीला कुमारी मंडल!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!


विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की उपलब्धियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पटना के सूचना भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री शीला कुमारी मंडल ने बताया कि बिहार में तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने के लिए दो नए विश्वविद्यालयों की स्थापना से लेकर शिक्षकों की नियुक्ति और सीटें बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।


मंत्री शीला कुमारी मंडल ने कहा कि बिहार में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। राज्य के सभी 38 जिलों में 38 राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय और 46 पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। पश्चिम चंपारण के बगहा में 73.04 करोड़ रुपये की लागत से 47वें राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की जाएगी।

इसके अलावा मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय और भागलपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं कम्प्यूटर विज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है।


मंत्री ने बताया कि भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में 300 बेड का बालिका छात्रावास और कटिहार पॉलिटेक्निक में 100 बेड के बालिका छात्रावास का निर्माण होगा। इस पर कुल 30.66 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वैशाली की एक छात्रा की शिकायत के बाद सरकार ने फैसला लिया है कि जिन्हें कॉलेज में हॉस्टल नहीं मिलेगा, उन्हें बाहर रहने के लिए हर महीने 1000 रुपये दिए जाएंगे।


गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों की नियुक्ति पर जोर है। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में 3414 स्वीकृत पदों के विरुद्ध 1654 नियमित शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि 1061 पदों पर नियुक्ति के लिए BPSC को अधियाचना भेजी गई है। पॉलिटेक्निक में 354 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना भेजी गई है। अनुदेशक के 723 और प्रयोगशाला सहायक के 1093 पदों पर विज्ञापन जारी किया गया है।


शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इंजीनियरिंग कॉलेजों में 15,183 और पॉलिटेक्निक में 17,227 सीटें स्वीकृत हैं। 33 इंजीनियरिंग और 35 पॉलिटेक्निक विधाओं में पढ़ाई हो रही है। सत्र 2026-27 से सभी स्ट्रीम में Introduction to AI अनिवार्य किया जाएगा। बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय की स्थापना और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण से तकनीकी शिक्षा में बड़ा बदलाव आया है।


विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए पूर्वी चंपारण, जमुई और पूर्णिया में डिजिटल तारामंडल बनाने की तैयारी है। पटना में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का उद्घाटन हो चुका है, जहां आधुनिक विज्ञान गैलरियां आम लोगों के लिए खोली जा रही हैं।

बाइट – शीला कुमारी मंडल, मंत्री, विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार

Join us on: