ट्रक ऑटो में भीषण टक्कर, ऑटो के उड़े परखच्चे, 3 युवकों की मौत, एक जख़्मी!

SHARE:

रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!

कटिहार जिले में सुबह-सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। पोठिया थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित बखरी मोड़ के पास ट्रक, टेंपो और ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि सुबह के समय तीनों वाहन सड़क पर गुजर रहे थे। इसी दौरान किसी कारण से वाहन अनियंत्रित हो गए और देखते ही देखते ट्रक, टेंपो तथा ट्रैक्टर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में चार लोग इसकी चपेट में आ गए। तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल का मंजर भयावह हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह-सुबह सड़क पर धुंध का असर भी दुर्घटना का कारण हो सकता है। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी में वाहनों के अनियंत्रित होकर आपस में टकराने की बात सामने आ रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
मृतकों की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के समेली प्रखंड अंतर्गत विष्णुचक गांव, वार्ड संख्या-9 निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू (22 वर्ष), भीम कुमार साह (35 वर्ष) और बाजू कुमार साह (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान मनीष कुमार साह (24 वर्ष) के रूप में की गई है। घायल मनीष का इलाज फिलहाल कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
एक ही गांव के तीन युवकों की मौत की खबर से विष्णुचक गांव में मातम पसरा हुआ है। जिन घरों में सुबह की शुरुआत रोजमर्रा की जिंदगी के साथ हुई थी, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का दर्द है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस मृतकों के परिजनों को सूचना देकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर एनएच-31 पर तीन वाहनों की इस भीषण भिड़ंत के पीछे धुंध, तेज रफ्तार, लापरवाही या कोई अन्य कारण था।

Join us on: