डीजे विवाद में भड़की हिंसक झड़प, जमकर पत्थरबाजी, हिरासत में 15 उपद्रवी!

SHARE:

रिपोर्ट – मनोज कुमार!

पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरूआ पंचायत के पंडा पट्टी गांव में छठ पूजा के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पंडापट्टी गांव में छठ पूजा के अवसर पर दो डीजे सेट लगाए गए थें, एक बेतिया का और दूसरा उत्तर प्रदेश से मंगवाया गया था। बताया जा रहा है कि स्थानीय (बेतिया) डीजे की आवाज कम होने के कारण कुछ असामाजिक तत्व उत्तर प्रदेश वाले डीजे के पास चले गए। वहां अपनी पसंद का भोजपुरी गाना बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो पहले तो शांत करा दिया गया, लेकिन अगले दिन यह फिर से भड़क उठा।विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ उपद्रवी छतों पर चढ़कर ईंट-पत्थर बरसाने लगें, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पथराव की सूचना मिलते ही लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। उन्होंने इसकी सूचना बेतिया के वरीय पुलिस अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही नरकटियागंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सहित आधे दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए देवरूआ पंडा पट्टी को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया।
लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि इस हिंसक झड़प और उपद्रव के मामले में अब तक करीब 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इलाके में लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: