रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के भैरवस्थान थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर राहगीरों और आम नागरिकों में दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। तलाशी लेने पर गिरफ्तार युवक के पास से एक लोडेड पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर थाना लाया, जहां उसके विरुद्ध आर्मस एक्ट के विभीन्न सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए झंझारपुर डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया है कि एसएसपी योगेन्द्र को मामले की जानकारी देते हुए उनके निर्देशन में भैरवस्थान थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त करते हुए हथियार सहित युवक को पकड़ने मे सफलता पाई है।
आगे उन्होंने बताया है कि आरोपी के द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हथियार दिखाकर नागरिकों को धमकाने और भयभीत करने की सूचना थाने को मिली थी। सूचना मिलने के बाद त्वरित कार्वाई करते हुए थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध युवक की पहचान व निशानदेही कर उसे घेराबंदी करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोडेड पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। डीएसपी ने कहा है कि हथियार के साथ सार्वजनिक स्थान पर दहशत फैलाना गंभीर अपराध है, जिससे नागरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था दोनों प्रभावित होते हैं। पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर हथियार के स्रोत, उसके संबंधों और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि हथियार, अपराध या संदिग्ध गतिविधि से जुड़ी कोई जानकारी मिलने पर निकटतम थाने या पुलिस को तुरंत सूचित करें। आगे डी एस पी ने कहा कि क्षेत्र में कानून- व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता मे है। हथियार के साथ सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



