भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई अनियंत्रित कार, तीन लोगों की मौत, तीन की हालत गंभीर!

SHARE:

रिपोर्ट – मनोज कुमार!

वाल्मीकिनगर से घूमकर घर लौट रहे थे कार सवार, परसा गांव के समीप हुआ हादसा, तीन घायलों को बेतिया GMCH किया गया रेफर…

बगहा में एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बगहा-भैरोगंज मुख्य सड़क पर परसा गांव के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे घायल की मौत बगहा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाने के दौरान हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान कृष्णा कुमार, धनेश कुमार और आलोक कुमार के रूप में हुई है। सभी लोग नरकटियागंज के शिकारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवा परसौनी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बगहा नगर थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि सभी छह लोग कार से वाल्मीकिनगर घूमने गए थे। वहां से घूमकर अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी परसा गांव के समीप यह दर्दनाक हादसा हो गया।

जिस सफर से सभी लोग घूमने की खूबसूरत यादें लेकर घर लौट रहे थे, वही सफर तीन लोगों के लिए जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। हादसे के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Join us on: