सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की गर्मजोशी से मुलाकात, सियासत में नई चर्चा!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!


पटना से बड़ी राजनीतिक तस्वीर सामने आई है। बिहार की राजनीति में बयानबाजी और सियासी तकरार के बीच एक ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।

मौका था पूर्व राज्यसभा सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा यानी आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज का। पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित अन्नपूर्णा भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर आमने-सामने आ गए।


खास बात यह रही कि राजनीतिक मतभेदों और एक-दूसरे पर किए गए सियासी कटाक्षों के बावजूद दोनों नेताओं ने मुस्कुराते हुए हाथ मिलाया और गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे का अभिवादन किया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत भी हुई।

अब सवाल यह है कि जिन नेताओं के बीच राजनीतिक मंचों पर तीखी बयानबाजी देखने को मिलती रही है, उनकी इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात को बिहार की राजनीति में किस नजरिए से देखा जाए?

हालांकि, इस मुलाकात को लेकर किसी राजनीतिक समझौते या नए समीकरण का संकेत मानना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन तस्वीरें और दोनों नेताओं का अंदाज चर्चा का विषय जरूर बन गया है।

इस श्रद्धांजलि सभा में कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं।


एक तरफ बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और दूसरी तरफ जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर। दोनों की यह मुलाकात बताती है कि राजनीति में विचारों और बयानों के मतभेद के बावजूद सार्वजनिक जीवन में शिष्टाचार और सौहार्द की अपनी अहमियत है। फिलहाल इस मुलाकात ने बिहार की सियासत में एक नई बहस जरूर छेड़ दी है।

Join us on: