खगड़िया में पिता पुत्र को अपराधियों ने मार दी गोली, एसपी बोले आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – बिक्रम उपाध्याय!

खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह ने गोलीबारी की घटना को लेकर दी जानकारी, कहा- पिता-पुत्र खतरे से बाहर, जल्द होगा घटना का उद्भेदन
खगड़िया थाना क्षेत्र के पुरानी एसडीओ रोड में पिता-पुत्र को गोली मारने की घटना को लेकर खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शाम के समय घर लौटने के दौरान बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने पिता-पुत्र का पीछा किया और इसी दौरान उन पर फायरिंग कर दी। घटना में दोनों घायल हो गए।
एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने डॉक्टरों, परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत कर आवश्यक जानकारी जुटाई है।
उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। इसमें तकनीकी टीम और संबंधित थाने की पुलिस को शामिल किया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
एसपी के अनुसार, शुरुआती जांच में लूटपाट या छिनतई की बात सामने नहीं आई है। वहीं, परिजनों से बातचीत और पूर्व के मामलों की जांच में रंगदारी से जुड़ा कोई विवाद भी फिलहाल सामने नहीं आया है। प्रथम दृष्टया मामला व्यक्तिगत कारणों से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी फुटेज, एफएसएल रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्य (सीडीआर) और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। एसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस जल्द ही मामले का उद्भेदन कर घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी।

Join us on: