रिपोर्ट- पंकज कुमार!
अरवल -कलेर प्रखंड के पहलेजा गांव में सोमवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। पंचायत सरकार भवन के लिए चिन्हित जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने पहुंची टीम का महिलाओं ने विरोध किया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस पर ईंट-पत्थर एवं रोड़े चलाए गए। घटना में तीन महिला सिपाहियों समेत चार पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई है। जिला प्रशासन की टीम मजिस्ट्रेट के साथ भारी पुलिस बल और दो बुलडोजर लेकर पहलेजा पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही महिलाओं का समूह सड़क पर उतर आया और प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करने लगा। अंचलाधिकारी राहुल वत्स के अनुसार, आक्रोशित लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इसी दौरान एक खाली झोपड़ी में आग लग गई। आग की सूचना पर दमकल की गाड़ी बुलाकर स्थिति पर काबू पाया गया। हालांकि, झोपड़ी में आग लगने को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर ही झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाया है, जबकि प्रशासन की ओर से इस आरोप की पुष्टि नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे करीब 25 वर्षों से उक्त जमीन पर रह रहे हैं और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से कई परिवार बेघर होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। घटना के बाद पुलिस दो महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने लेकर गई है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की कार्रवाई और ग्रामीणों के आरोपों को लेकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वाइड गीता देवी, ग्रामीण
वाइड सुनैना देवी ग्रामीण




