रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
सीमा व्यापार को सुगम बनाने के लिए एसएसबी और व्यापारिक संगठनों की बैठक मे बनी सहमति
मधुबनी, भारत- नेपाल के मैत्री संबंधों और सीमावर्ती क्षेत्रों में रोटी- बेटी के रिश्ते को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसएसबी 48 वीं वाहिनी मुख्यालय के सभागार में व्यापारी संगठन के साथ समन्वय बैठक आयोजन किया गया। बैठक में सीमा पर व्यापारिक आवागमन को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने, आम लोगों और व्यापारियों की सुविधा तथा सुरक्षा जांच की प्रक्रिया को सरल करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में नेपाली ग्राहकों द्वारा भारतीय बाजार से रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं 25 हजार रुपये तक के ले जाने के प्रावधान पर भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि नियमों के अनुसार खरीदारी करने वाले नेपाली नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। एसएसबी ने जिले में संचालित दो प्रमुख ट्रांजिट रूट पिपरौन एवं बैतौन्हा पर आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात कही है। एसएसबी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में सीमा पर सुरक्षा जांच में कुछ सेकंड का ही समय लगता है। हालांकि, सुबह और शाम के समय व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, रेल यात्रियों तथा अन्य नागरिकों की संख्या बढ़ने के कारण प्रतीक्षा समय कुछ अधिक हो जाता है। इसे कम करने और आवागमन को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में एसएसबी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी हरेंद्र कुमार, उप कमांडेंट हरि नारायण जाट सहित व्यापारी संगठन से जुड़े कई सदस्य उपस्थित रहे। वैठक सौहार्द पूर्ण वातावरण मे सफलता के साथ सम्पन्न हुआ।



