मधुबनी- न्यायालय के आदेश पर दखल-दिहानी कराने पहुंची पुलिस का विरोध, हाथापाई!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के झंझारपुर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या एक स्थित कन्हौली के समीप न्यायालय द्वारा प्राप्त आदेश पर दखल-दिहानी कराने पहुंची पुलिस टीम को कब्जाधारी पक्ष के परिजनों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। दखल-दिहानी की कार्रवाई शुरू होते ही कब्जाधारी परिवार के महिला-पुरुष मौके पर पहुंचकर विरोध करने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो गई। घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नगर परिषद के सिटी मैनेजर संजय कुमार को मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व में पुलिस बल संबंधित भूखंड पर पहुंचा। पुलिस और प्रशासनिक टीम द्वारा जैसे ही न्यायालय के आदेश के अनुसार दखल-दिहानी की – प्रक्रिया शुरू की गई, कब्जाधारी पक्ष के – परिजनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। विरोध के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। मौके पर तैनात पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी। बताया जा रहा है कि कन्हौली के समीप स्थित उक्त भूखंड का पर्चा अलाउद्दीन मंसूरी के पिता स्वर्गीय इसराइल मंसूरी के नाम से है। भूखंड पर दूसरे पक्ष शहादत मंसूरी द्वारा कब्जा किए जाने को लेकर विवाद न्यायालय तक पहुंचा था। इसी मामले में न्यायालय के आदेश के बाद दखल दिहानी की कार्रवाई की जा रही थी। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, करीब छह माह पूर्व भी न्यायालय के आदेश पर पुलिस प्रशासन की टीम उक्त भूखंड पर दखल-दिहानी कराने पहुंची थी। उस समय भी कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी थी। इसके बाद न्यायालय के स्पष्ट आदेश के आलोक में दोबारा प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दखल-दिहानी की कार्रवाई के दौरान विरोध के बावजूद पुलिस और प्रशासनिक टीम ने करीब छह घंटे तक मौके पर रहकर प्रक्रिया पूरी कराई। लंबी मशक्कत के बाद अलाउद्दीन मंसूरी को संबंधित भूखंड पर दखल-दिहानी दिलाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई। इधर, पुलिस के साथ कथित धक्का-मुक्की और हाथापाई को लेकर झंझारपुर थाना में अब तक कोई लिखित आवेदन या सूचना नहीं दी गई है।

Join us on: