रिपोर्ट – पियूष कुमार!
कैमूर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के पहड़ियां गांव में पति-पत्नी के बीच अनबन के बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए जहर खिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, ससुराल पक्ष ने इन आरोपों से इनकार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मामला कैमूर के भगवानपुर थाना क्षेत्र के पहड़ियां गांव का है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय चंचला कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी अमित पासवान से हुई थी। चंचला का मायका औरंगाबाद जिले के रफीगंज में बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक, चंचला और अमित की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हुआ और वर्ष 2025 में दोनों ने प्रेम विवाह किया। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से मुंडेश्वरी धाम में विधिवत शादी भी कराई गई थी।
घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के बहनोई धीरज पासवान का आरोप है कि ससुराल पक्ष दहेज की मांग करता था और इसी विवाद में चंचला को जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या कर दी गई।
वहीं, मृतका के पति अमित पासवान ने दहेज हत्या के आरोपों से इनकार किया है। अमित के मुताबिक, चंचला छोटी-छोटी बातों को लेकर उस पर शक करती थी और इसी वजह से दोनों के बीच अनबन होती रहती थी। उन्होंने कहा कि चंचला ने जहरीला पदार्थ कहां से लाकर खाया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
मृतका के ससुर रामजी पासवान ने भी मायके पक्ष के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि परिवार में चंचला के साथ किसी तरह का विवाद नहीं था। रात में खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए थे। बाद में घटना की जानकारी मिलने पर चंचला को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस मायके और ससुराल पक्ष के आरोपों और बयानों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




