रिपोर्ट – लक्ष्मण कुमार!
दरभंगा। दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के MCH यानी मातृ एवं शिशु अस्पताल के वार्ड में देर रात करीब एक बजे शॉर्ट सर्किट के कारण इलेक्ट्रिक पैनल में आग लग गई। आग लगते ही वार्ड में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन सक्रिय हुआ और एहतियातन वार्ड में भर्ती सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। आग लगने के कारण MCH वार्ड की बिजली सेवा फिलहाल ठप है।
बताया गया कि आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति फिलहाल सामान्य है। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अस्पताल प्रशासन की ओर से बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।




