मुजफ्फरपुर- अश्लील गतिविधि मामले में शिक्षक के बाद हेडमास्टर भी निलंबित,मचा हड़कंप!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

छात्राओं की शिकायत पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप, आरोपी शिक्षक पहले ही हो चुका है सस्पेंड; पुलिस गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी

मुजफ्फरपुर जिले के पारू प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय लालू छपरा में छात्राओं के साथ कथित बैड टच और अभद्र व्यवहार के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी को निलंबित कर दिया है। इससे पहले मामले के मुख्य आरोपी शिक्षक रतन लाल सहनी को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा चुका है। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि छात्राओं की शिकायत मिलने के बावजूद प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने समय पर आवश्यक कदम नहीं उठाए। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद उन्हें निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, पारू निर्धारित किया गया है। विभाग ने इसे कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता माना है।

जानकारी के अनुसार छात्राओं ने आरोप लगाया है कि परीक्षा से पहले सितंबर माह में शिक्षक द्वारा उनके साथ गलत तरीके से स्पर्श किया गया था। बच्चियों ने इसकी जानकारी अपनी क्लास टीचर को दी, जिसके बाद मामला स्कूल प्रशासन तक पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई और परीक्षा समाप्त होने के बाद भी मामला लंबित रखा गया। इसके बाद अभिभावकों ने पुलिस का सहारा लिया।

मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। स्कूल से जुड़े सूत्रों के अनुसार वर्ष 2024 में भी इसी शिक्षक पर एक छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार का आरोप लगा था। उस समय शिक्षक को चेतावनी देकर मामला शांत करा दिया गया था। अब दोबारा सामने आए आरोपों में 6वीं, 7वीं और 8वीं कक्षा की करीब 10 से 12 छात्राओं के प्रभावित होने की बात कही जा रही है, हालांकि फिलहाल चार छात्राओं और उनके परिजनों ने ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर ने बताया कि शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ गलत व्यवहार की सूचना मिलने पर तत्काल जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल शिक्षक फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक रतन लाल सहनी पर छात्राओं को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने तथा विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को दूषित करने का आरोप है। वहीं, प्रभारी प्रधानाध्यापिका पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप है। दोनों के खिलाफ अलग-अलग आरोप पत्र जारी कर विभागीय जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

Join us on:

और पढ़ें