ब्यूरो रिपोर्ट शंखनाद!
छपरा। देर रात छपरा के मुरली सिरसिया गांव से सामने आई एक दर्दनाक खबर ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शाम से लापता 9 वर्षीय सुमित कुमार का शव गांव के पास बांसवारी में मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
परिजनों के मुताबिक, सुमित शाम से घर से गायब था। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीण भी बच्चे को खोजने में जुट गए। इसी दौरान बांसवारी में बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली।
ग्रामीणों के अनुसार, बच्चे के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान बताए जा रहे हैं। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना में इस्तेमाल हथियार की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को खंगाला और हत्या से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मढ़ौरा डीएसपी भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई।
अब सबसे बड़ा सवाल है—शाम को घर से निकला सुमित बांसवारी तक कैसे पहुंचा? उसके साथ कौन था? और आखिर 9 साल के मासूम की हत्या क्यों की गई?
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बच्चे के घर से निकलने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।



