रिपोर्ट- संतोष चौहान!
बाढ़ के खतरे के बीच डीएम-एसपी ने संभाली कमान
पूर्वी कोसी तटबंध के स्पर का किया निरीक्षण, 24 घंटे निगरानी के निर्देश रिपोर्ट – कुंदन कुमार, सुपौल
सुपौल। कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर और जल संसाधन विभाग की ओर से जारी हाई अलर्ट के बीच जिला प्रशासन ने बाढ़ सुरक्षा को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने संयुक्त रूप से पूर्वी कोसी तटबंध के स्पर किलोमीटर 10.00 का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
डीएम-एसपी ने मौके पर तटबंध की स्थिति, सुरक्षा तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी सावन कुमार ने संबंधित अभियंताओं एवं कर्मियों को तटबंध की 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मानवबल एवं संसाधन तैयार रखने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतने तथा तटबंध की स्थिति में किसी भी बदलाव की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने को कहा।
वहीं, एसपी शरथ आरएस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संभावित आपदा की स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी रखने पर जोर दिया।
शुक्रवार शाम चार बजे तक कोसी बराज का जलस्तर 2.60 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया। बराज के 56 फाटकों में से 30 फाटक खोल दिए गए हैं। बढ़ते जलस्तर के बीच डीएम-एसपी की संयुक्त निगरानी से तटबंध सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता स्पष्ट दिखी।



