सहरसा- स्मैक की खेप के साथ 3 तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट- बिकास कुमार!

सहरसा पुलिस उप महानिरीक्षक के निर्देश पर जिले में सूखा नशा एवं अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शर्मा चौक स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी कर 306 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ और 2 लाख 11 हजार 580 रुपये नकद बरामद किए। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि शर्मा चौक स्थित राजेन्द्र प्रसाद भगत के किराए के मकान में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान कमरे से तीन पारदर्शी पैकेट में रखा स्मैक जैसा पदार्थ बरामद हुआ, जिसका कुल वजन जिपर सहित 306 ग्राम बताया गया है।

इसके अलावा 2,11,580 रुपये नकद, विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूजो कुमार, उसकी पत्नी नीता कुमारी तथा अमित कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान अमित कुमार के संलिप्त होने की जानकारी मिलने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया। अमित कुमार का पूर्व में महिषी थाना कांड संख्या 49/2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है।

इस मामले में सिमरी बख्तियारपुर थाना कांड संख्या 330/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा बरामद पदार्थ की प्रकृति और अन्य कानूनी पहलुओं की पुष्टि निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी।

वाईट-निशिकांत भारती .अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर

Join us on: