रिपोर्ट- पियूष कुमार!
भभुआ – शहर के दक्षिण मोहल्ला स्थित वार्ड संख्या 20 में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मां दुर्गा की प्रतिमा पर चढ़ाए गए 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आई। रात के अंधेरे में अज्ञात चोरों ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए आभूषणों में सोने का हार, मांग टीका, नथुनी समेत कई कीमती गहने शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि चोरों ने वारदात से पहले आसपास के कुछ घरों के मुख्य दरवाजों को बाहर से रस्सी बांधकर बंद कर दिया था, ताकि लोग बाहर निकलकर उनका विरोध न कर सकें। सुबह लोगों की नींद खुली तो दरवाजे बाहर से बंद मिले। किसी तरह बाहर निकलने के बाद जब लोगों की नजर मां दुर्गा की प्रतिमा पर पड़ी तो आभूषण गायब देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
आस्था से जुड़े स्थान पर हुई इस चोरी की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों में घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश देखा गया। पूजा समिति के सदस्यों ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े आभूषणों की चोरी बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए आभूषण बरामद करने की मांग की।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी मुकेश कुमार और सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार नगर परिषद और जिला प्रशासन की ओर से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे बंद मिले।
कैमरे बंद मिलने से स्थानीय लोगों में और नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब शहर की सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरे ही घटना के समय काम नहीं करेंगे, तो अपराधियों की पहचान कैसे होगी। लोगों ने प्रशासन से बंद पड़े कैमरों को तत्काल चालू कराने और रात में संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में चर्चा और चिंता का माहौल है। लोगों को अब पुलिस से उम्मीद है कि जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर चोरी गए आभूषण बरामद किए जाएंगे।




