रिपोर्ट – मो. मुर्शिद!
अररिया जिले में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महलगांव थाना पुलिस ने कथित अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने कुर्सेल गांव में छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मौके से आरोपी लैपटॉप, मोबाइल फोन और फिंगरप्रिंट स्कैनर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ साइबर गतिविधियां संचालित करते पकड़े गए।
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 को गश्ती और सूचना संकलन के दौरान जानकारी मिली थी कि कुर्सेल गांव के वार्ड संख्या सात में मो. राशिद के घर से कुछ लोग संगठित तरीके से साइबर ठगी का काम कर रहे हैं। सूचना वरीय अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की।
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान छह लोग मौके पर मौजूद मिले। तलाशी और पूछताछ के दौरान पुलिस ने 12 मोबाइल फोन, एक HP लैपटॉप, चार फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक मारुति अर्टिगा कार, जियो वाई-फाई राउटर और छह डाटा केबल समेत अन्य सामान बरामद किया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे फिंगरप्रिंट डिवाइस और आधार कार्ड नंबर का इस्तेमाल कर लोगों के बैंक खातों से अवैध तरीके से राशि दूसरे खातों में स्थानांतरित करते थे। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होने वाले साक्ष्यों से होगी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. राशिद (22), कुर्बान आलम (38), मो. मनजर (30), मो. राबरेरा (29), राजा कुमार (22) और हुसैन राजा (19) के रूप में की गई है। इनमें अधिकांश आरोपी अररिया जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जबकि राजा कुमार छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले का निवासी बताया गया है। मामले में महलगांव थाना कांड संख्या 183/2026, दिनांक 21 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS की विभिन्न धाराओं के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अब जब्त मोबाइल, लैपटॉप और फिंगरप्रिंट डिवाइस की जांच के जरिए साइबर ठगी से जुड़े लेन-देन, बैंक खातों और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया और ठगी की रकम किन खातों में स्थानांतरित की गई। छापेमारी टीम में महलगांव थानाध्यक्ष बजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार सहित महलगांव एवं गहलगांव थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।



