आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। चरपोखरी थाना क्षेत्र के गढ़ानी में हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, चरपोखरी थाना क्षेत्र के गढ़ानी में जवाहर सिंह के पुत्र सोनू कुमार मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन हथियारबंद अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
अपराधियों द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी के दौरान सोनू कुमार को गोली लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सोनू कुमार को इलाज के लिए आर.के. डॉ. विकास सिंह के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
फिलहाल गोलीबारी की इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है।




