रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
पुल से पहले सड़क किनारे खड़ा विशाल कदम का पेड़ अचानक गिरा, बाइक सवार युवक की मौत
बिजली के तार को तोड़ते हुए सड़क पर गिरा पेड़, बाइक समेत दब गया 19 वर्षीय युवक: अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
सुपौल :- जिले के निर्मली अनुमंडल कार्यालय से मरौना प्रखंड कार्यालय के बेलही जाने वाली मुख्य सड़क पर अचानक विशाल कदंब का पेड़ गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। पुल से कुछ दूरी पहले दवा दुकान के सामने सड़क के उत्तर किनारे खड़ा पेड़ अचानक बिजली के तार को तोड़ते हुए सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान बाइक से गुजर रहा 19 वर्षीय युवक पेड़ की चपेट में आ गया और बाइक समेत उसके नीचे दब गया। हादसे में युवक की मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पेड़ के नीचे दबे युवक को बाहर निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद युवक को निकाला बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर सड़क पर सामान्य रूप से वाहनों और लोगों का आवागमन हो रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क किनारे खड़ा विशालकाय कदंब का पेड़ बिजली के तार को तोड़ता हुआ सड़क पर गिर पड़ा। उसी समय बाइक सवार युवक वहां से गुजर रहा था। पेड़ की चपेट में आने से वह बाइक समेत उसके नीचे दब गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद युवक को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए निर्मली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग घटनास्थल और अस्पताल परिसर में जुट गए।
छजना से घर लौट रहा था युवक
मृतक की पहचान मरौना उत्तर पंचायत के कमरैल गांव स्थित कराराही टोला निवासी सत्य नारायण चौपाल के 19 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दीपक बाइक से छजना गांव से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पुल से पहले दवा दुकान के सामने अचानक पेड़ गिरने से वह हादसे का शिकार हो गया।
तेज हवा या आंधी नहीं थी
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय मौसम सामान्य था। न तो तेज हवा चल रही थी और न ही आंधी-तूफान जैसी स्थिति थी। लोग रोज की तरह सड़क से आवागमन कर रहे थे। इसी बीच अचानक विशाल पेड़ बिजली के तार को तोड़ते हुए सड़क पर गिर गया और युवक उसकी चपेट में आ गया।
अचानक हुए इस हादसे से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। घटना के बाद सड़क किनारे खड़े पुराने और विशाल पेड़ों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई है।
परिजनों में मचा कोहराम, मुआवजे की मांग
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पंचायत समिति प्रतिनिधि ओम प्रकाश शर्मा, मुखिया रविंद्र कुमार एवं जितेंद्र यादव ने कहा कि यह बेहद दर्दनाक और असहनीय घटना है। उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिवार की स्थिति को देखते हुए नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।




