नशा मुक्ति को लेकर ग्रामीणों का बड़ा संकल्प, सूखा नशा बेचने पर 21 हजार रुपये का सामाजिक दंड!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिले के पिपरा प्रखंड क्षेत्र के कटैया माहे पंचायत स्थित कृष्ण मंदिर परिसर में नशा मुक्ति अभियान को लेकर ग्रामीणों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकजुट होकर पंचायत को शराब, गांजा, स्मैक सहित अन्य मादक पदार्थों से मुक्त कराने का सामूहिक संकल्प लिया।
बैठक में ग्रामीणों ने नशे की खरीद-बिक्री पर सामाजिक स्तर से पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया। तय किया गया कि सूखा नशा बेचते पकड़े जाने पर 21 हजार रुपये तथा नशा खरीदते पकड़े जाने पर 5,100 रुपये का सामाजिक दंड लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यह सामाजिक नियम सभी लोगों पर समान रूप से लागू होगा।
ग्रामीणों ने कहा कि नशे की खरीद-बिक्री या सेवन से संबंधित मामला सामने आने पर सामाजिक स्तर पर कार्रवाई के साथ इसकी सूचना संबंधित प्रशासन को भी दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य गांव में नशे के कारोबार और उसके बढ़ते प्रभाव पर सामूहिक रूप से रोक लगाना है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। नशे के कारण परिवारों में विवाद के साथ-साथ कई सामाजिक समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई से नशे की समस्या का पूरी तरह समाधान संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक परिवार को जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। यदि लोग नशे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएं तो इस सामाजिक बुराई पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
बैठक में ग्रामीणों ने गांव में शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही नशा मुक्ति अभियान को लगातार जारी रखने और प्रत्येक परिवार तक नशे से दूर रहने का संदेश पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि नशा मुक्ति किसी एक व्यक्ति या परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ पंचायत को नशामुक्त बनाने के लिए ग्रामीणों ने एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
बैठक में पूर्व मुखिया वीरेंद्र प्रसाद मंडल, ललल कुमार मंडल, मुखिया प्रतिनिधि नवीन कुमार, सुनील कुमार मंडल, अमरेश कुमार मंडल, मोहन यादव, संजीव कुमार, देवन यादव, शंकर कुमार, दीपक कुमार, कुंदन कुमार, छोटकू मंडल, खलीफा मंडल, अनिल सुतिहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Join us on: