रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- ‘हर घर तिरंगा अभियान’ एवं ‘राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् चरण-3’ के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर के वाहिनी मुख्यालय परिसर में मंगलवार को भव्य एवं देशभक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट गौरव सिंह के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। इसका उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों एवं सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम में सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उच्च माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर, एसएन पब्लिक स्कूल वीरपुर, कन्या मध्य विद्यालय वीरपुर एवं केंद्रीय विद्यालय वीरपुर के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में ‘देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता’ विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता के भाव को कागज पर उकेरा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कमांडेंट गौरव सिंह एवं मुख्य अतिथि ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान सीमावर्ती क्षेत्र के वाइब्रेंट विलेज से पहुंचे प्रतिभाशाली एवं कौशल संपन्न लोगों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता के लिए उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस मौके पर कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल देश की पहचान नहीं, बल्कि गौरव, एकता, स्वतंत्रता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद वाहिनी के बालकर्मियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों की सहभागिता से झंडा साइकिल रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकली रैली ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना दिया। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, कृषि विभाग के चीफ इंजीनियर शैलेंद्र सिंह, किसान अवार्ड से सम्मानित भिखारी मेहता, उप कमांडेंट प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट सुमन सौरभ, वाइब्रेंट विलेज से आए सम्मानित नागरिक, संदीक्षा फैमिली के सदस्य सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन ‘हर घर तिरंगा’ के संकल्प और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ हुआ। कार्यक्रम ने सीमावर्ती क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सहभागिता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।




