थाने से जब्त ट्रक गायब होने पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष समेत तीन निलंबित ,एसपी ने जांच के बाद की कार्रवाई!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

थाने से जब्त ट्रक गायब होने पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष समेत तीन निलंबित ,एसपी ने जांच के बाद की कार्रवाई, खान निरीक्षक के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा।

-मुंगेर : मुफस्सिल थाना परिसर से खनन विभाग द्वारा जब्त गिट्टी लदा ट्रक गायब होने के मामले में मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच में पुलिस पदाधिकारियों की संलिप्तता सामने आने के बाद एसपी ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, थाना मुंशी अरविंद कुमार और पीटीसी धनंजय कुमार को निलंबित कर दिया है। तीनों के खिलाफ विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

एसपी ने बताया कि तीन जुलाई को तत्कालीन खान निरीक्षक मो. अरमान ने वाहन जांच के दौरान गिट्टी लदे एक ट्रक को जब्त किया था। जब्त ट्रक को मुफस्सिल थाना परिसर में सुरक्षित रखने के लिए लाया गया था। करीब एक सप्ताह बाद खनन विभाग के अधिकारी जब थाना पहुंचे तो थाना परिसर से ट्रक गायब मिला। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस के वरीय अधिकारियों को दी गई।मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में जांच कराई। जांच के दौरान थाना परिसर से जब्त ट्रक के गायब होने के मामले में थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, मुंशी अरविंद कुमार और पीटीसी धनंजय कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

एसपी ने कहा कि निलंबित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जांच में यह भी सामने आया कि खान निरीक्षक मो. अरमान ने ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में तो लाया, लेकिन इसकी सूचना तत्कालीन थानाध्यक्ष को नहीं दी थी। इस मामले में खान निरीक्षक के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है।

थाना परिसर से जब्त ट्रक के गायब होने के मामले में पुलिस विभाग की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारी मामले में ट्रक की बरामदगी और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं।

Join us on: