सुपौल में नशीले कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद, 6 हजार बोतल जब्त, एक हिरासत में!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल सदर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को सुपौल-किशनपुर मुख्य मार्ग स्थित नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर-4 के सुकमारपुर में एक कूरियर गोदाम पर छापेमारी कर 6 हजार बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया। बरामद खेप की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, सुपौल बस स्टैंड के सामने स्थित न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के संचालक प्रमोद साह ने उत्तराखंड की श्रीनिवास कंपनी से कफ सिरप की खेप मंगाई थी। इसे सेफ एक्सप्रेस कूरियर के माध्यम से सुपौल भेजा गया था। कूरियर गोदाम में प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप पहुंचने की सूचना मिलने के बाद सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत के नेतृत्व में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान 50 पेटियों में रखी 6,000 बोतल कफ सिरप बरामद की गई। पुलिस ने न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के संचालक प्रमोद साह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, सेफ एक्सप्रेस कूरियर के संचालक ओम प्रकाश राय ने पुलिस को बताया कि कफ सिरप की पूरी खेप न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के संचालक प्रमोद साह के नाम से मंगाई गई थी।सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत 11 लाख 16 हजार रुपये है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप मंगाने और इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Join us on: