रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!
नेपाल से लाई जा रही 10 लाख से अधिक की अफीम की खेप मोतिहारी में जब्त, 4 किलो अफीम के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतिहारी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने स्टेशन रोड के समीप छापेमारी कर नेपाल से लाई जा रही करीब 4 किलोग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। गिरफ्तार दोनों तस्कर छौड़ादानो थाना क्षेत्र के कुदरकट गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों नेपाल से अफीम लाकर बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों में इसकी सप्लाई करने का काम करते थे।
पुलिस के अनुसार स्टेशन रोड इलाके में अफीम की बड़ी खेप पहुंचने की गुप्त सूचना मिलने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सदर एसडीएम अरुण कुमार एवं सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और दो संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 4 किलो अफीम बरामद की गई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की यह खेप नेपाल के किस क्षेत्र से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन राज्यों में की जानी थी। साथ ही इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी तस्कर या गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



