रिपोर्ट – कुमार रवि!
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने आज बड़ी कार्रवाई की है। रोहतास जिले के सासाराम स्थित लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के
डेहरी-ऑन-सोन स्तिथ आवास एवं सासाराम स्तिथ कार्यालय समेत राज्य के अलग-अलग जिलों में EOU की टीम कई घंटों से तलाशी अभियान चला रही है।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आर्थिक अपराध इकाई ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में अब तक उनके पास करीब 1 करोड़ 19 लाख 98 हजार 534 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने का आरोप सामने आया है जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 85.05 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
विशेष न्यायालय निगरानी पटना से तलाशी वारंट मिलने के बाद EOU की अलग-अलग टीमों ने आज सुबह से एक साथ कार्रवाई शुरू की। छापेमारी डेहरी स्थित सरकारी आवास सासाराम स्थित लघु सिंचाई प्रमंडल कार्यालय पटना के दानापुर स्थित दो फ्लैट, मुजफ्फरपुर स्थित ससुराल तथा बांका जिले के पैतृक आवास सहित कुल छह ठिकानों पर की जा रही है।
फिलहाल EOU के अधिकारी सभी दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड, निवेश और अन्य संपत्तियों की गहन जांच में जुटे हैं। अधिकारियों के अनुसार तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़े अन्य तथ्यों की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।



