रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड अंतर्गत सरथा पंचायत के सरथा गांव में बिजली की चपेट में आने से 77 वर्षीय एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान सरथा गांव निवासी स्वर्गीय नौरंगी मोची के 77 वर्षीय पुत्र रोहन रविदास के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र रविकांत कुमार ने बताया कि उनके पिता पिछले करीब 20 वर्षों से गांव के जितेंद्र सिंह के यहां रहकर घर की देखभाल और साफ-सफाई का कार्य करते थे। बुधवार की शाम भी वह रोज की तरह साफ-सफाई करने गए थे। इसी दौरान वह बिजली की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वे बिजली के तार के संपर्क में मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर वेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में साफ-सफाई के दौरान बिजली की चपेट में आने से वृद्ध की मौत होने की बात सामने आई है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
वहीं हरनौत नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि एवं समाजसेवी सुरेश सिंह ने बताया कि यह हादसा सरथा गांव के उत्तर टोला स्थित जितेंद्र सिंह के मकान में हुआ। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मृतक के परिजनों को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
बाइट:- रविकांत कुमार, मृतक के पुत्र
बाइट:-सुरेश सिंह, स्थानीय



