पीएनबी शाखा हटाने के खिलाफ सत्याग्रह, खाताधारकों में आक्रोश!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड के करहरवा पंचायत के वार्ड नंबर 03 भैरोपट्टी ग्राम में सोमवार से पंजाब नेशनल बैंक के मनमानी के खिलाफ सत्याग्रह पीएनबी शाखा परिसर में आयोजित की गई। राज नारायण मंडल की अध्यक्षता में आयोजित सत्याग्रह को संबोधित करते हुए लोरिक विचार मंच के प्रदेश संयोजक डॉ० अमन कुमार ने कहा कि भैरोपट्टी ग्राम में 1989 से पंजाब नेशनल बैंक की शाखा संचालित हो रही है। फिर भी बैंक अधिकारी के द्वारा पीएनबी शाखा को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की साजिश की जा रही है। जिसके कारण खाताधारक में काफी आक्रोश है। कोई भी नीति या निर्णय अगर जनता के हित के खिलाफ जाता है तो उसका विरोध करना आमजन का संवैधानिक और नैतिक अधिकार है।
डॉ० कुमार ने कहा कि यह बैंक केवल एक इमारत नहीं है। यह 8 से 10 किलोमीटर के दायरे में फैले दर्जनों गांवों के किसान, मजदूर, विधवा, वृद्ध, छात्र और आम जन की आखिरी उम्मीद है। यहां से पेंशन जाती है, यहां से किसानों को खेती के लिए कर्ज मिलता है, यहां से बेटियों की छात्रवृत्ति और जनधन का खाता चलता है। बैंक प्रबंधन को जनविरोधी फैसले पर रोक लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दुख की बात यह है कि बैंक प्रबंधन ने यह निर्णय बिना किसी जनसुनवाई, सर्वे और बिना क्षेत्र की वास्तविकता को समझे लिया है। जबकि शाखा भवन के स्वामी ने 2 साल पहले ही लिखित में दे दिया था कि वे बैंक के मानक के अनुसार नया भवन बनाने को तैयार हैं। उन्हें बस बैंक से तकनीकी स्वीकृति चाहिए। लेकिन बैंक ने उस पत्र को कूड़ेदान में डाल दिया और सीधे शाखा उठाने का फरमान सुना दिया। यह कहीं से भी उचित नहीं है। जिला परिषद सदस्य इंजीनियर प्रवेश प्रवीण ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पीएनबी बैंक को जितनी शाखाएं खोलनी है खोल ले, यहां के खाताधारक भैरोपट्टी शाखा को कहीं नहीं जाने देंगे।
भवन स्वामी राज नारायण मंडल ने कहा कि विगत दो वर्षों से नया भवन हेतु लिखित आदेश की मांग किया गया है फिर भी शाखा प्रबंधक या अन्य उच्चाधिकारी के द्वारा अभी तक कोई आदेश नहीं दिया गया है। आदेश मिलते ही नक्शा के अनुरूप भवन दो महीने के भीतर बना कर दे देंगे।
खाताधारकों ने कहा कि क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय से आए अधिकारी ने कुछ दिन पहले माइक पर ऐलान किया था कि भैरोपट्टी से शाखा कहीं नहीं जाएगी। आज उसी वादे को तोड़कर बैंक प्रबंधन पीठ में छुरा भोंकने का काम कर रहा है। सत्याग्रह में शत्रुघन मंडल, राजीव मंडल, राजेश कुमार, अजय कुमार मंडल,शिव नारायण मंडल, अभिनव यादव, कैलाश शर्मा,पिंकी देवी, सपना देवी, ममता देवी, रूपाली देवी सहित सैकड़ों खाताधारक शामिल थे।

Join us on: