रिपोर्ट :- संतोष चौहान
सुपौल :- कोशी नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने वीरपुर स्थित पूर्वी कोशी तटबंध प्रमंडल-2 के स्पर 10 किलोमीटर का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध की वर्तमान स्थिति, बाढ़ सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों तथा संवेदनशील स्थलों पर किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं एवं विभागीय अधिकारियों से तटबंध की स्थिति, जलस्तर में हो रही वृद्धि तथा संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोशी नदी के जलस्तर पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए और तटबंध के प्रत्येक संवेदनशील स्थल की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी कटाव, रिसाव या किसी प्रकार की असामान्य स्थिति दिखाई देने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निदान किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अभियंताओं एवं कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक मशीनरी, निर्माण सामग्री, संसाधन और मानवबल हर समय तैयार रखा जाए।
डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति की सूचना बिना विलंब किए वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम लोगों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा है और इसके लिए सभी स्तरों पर लगातार निगरानी एवं आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान बाढ़ सुरक्षा कार्यों में लगे अभियंताओं और कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे तटबंध पर नियमित गश्त करें तथा हर गतिविधि की रिपोर्ट समय-समय पर नियंत्रण कक्ष एवं संबंधित अधिकारियों को भेजें। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे कोशी नदी के जलस्तर और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों पर नजर रखें तथा अफवाहों से बचें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।




