भागलपुर में छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग!

SHARE:

रिपोर्ट- निभाष मोदी

भागलपुर में देशव्यापी छात्र आंदोलन के समर्थन में छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सीजेपी के बैनर तले निकले इस प्रदर्शन में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की गई,भागलपुर के लाजपत पार्क से सीजेपी के बैनर तले छात्रों ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर लाजपत पार्क से तिलका मांझी चौक तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की गई और उनके इस्तीफे की मांग उठाई गई। छात्रों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिससे छात्र समुदाय में व्यापक नाराजगी है।प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल भागलपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के छात्र शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। उनका कहना था कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है।
छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में सुधार और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रदर्शन के समापन पर छात्रों ने एक बार फिर अपनी मांगों को दोहराते हुए कहा कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे, जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस पहल नहीं की जाती।

Join us on: