:- रवि शंकर अमित/बबलू राय
बेगूसराय से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अवैध हथियारों के सिंडिकेट पर पुलिस और एसटीएफ ने अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में फैक्ट्री संचालक समेत तीन लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पेशेवर हथियार कारीगर मुंगेर जिले के बताए जा रहे हैं, जिन्हें विशेष रूप से देसी पिस्टल बनाने के लिए बुलाया गया था।
मामला बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र स्थित बरबीघी बहियार का है। गुप्त सूचना मिलने के बाद एसटीएफ और बलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां अवैध मिनी गन फैक्ट्री संचालित हो रही थी और आरोपी देसी पिस्टल बनाने तथा उसकी असेंबलिंग में जुटे हुए थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो तैयार देसी पिस्टल, चार मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा, हथियार बनाने की मशीनें, ड्रिल मशीन, बेस मशीन, रेती, हथौड़ी, हेक्सा आरी समेत भारी मात्रा में हथियार निर्माण के उपकरण और नकदी बरामद की है। बरामद सामान से साफ है कि यहां बड़े पैमाने पर अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरबीघी गांव निवासी और फैक्ट्री संचालक बालेश्वर महतो, जबकि मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह गांव निवासी मो. असीम उर्फ टारजन और मो. शमशाद के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों कारीगरों ने हथियार बनाने में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है। जांच की जा रही है कि अब तक कितने हथियार बनाए गए, किन-किन जिलों में उनकी सप्लाई होती थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इस पूरे सिंडिकेट का मास्टरमाइंड कौन है। माना जा रहा है कि पूछताछ में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
फिलहाल बेगूसराय पुलिस और एसटीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
बाइट – बलिया डीएसपी



