शीशमहल चौक पर कूड़े के अंबार से लोगों की परेशानी बढ़ी, नगर निगम पर उठे सवाल!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय


आरा। नगर निगम क्षेत्र के शीशमहल चौक स्थित पुराने टमटम पड़ाव के पास कूड़े का अंबार लगने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार शाम तक सड़क किनारे जमा कूड़े से उठ रही दुर्गंध के कारण राहगीरों और आसपास के दुकानदारों का जीना मुश्किल हो गया। कूड़े का ढेर लगातार बढ़ने से सड़क संकरी हो गई है, जिससे पैदल आने-जाने में भी दिक्कत हो रही है।
आरा विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी रह चुके समाजसेवी अमरदीप कुमार जय ने प्रेस बयान जारी कर नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में सफाईकर्मी और सुपरवाइजर तैनात होने के बावजूद नियमित रूप से कूड़ा उठाव नहीं हो रहा है। उनका आरोप है कि शीशमहल चौक पर एक ओर कूड़े का ढेर है तो दूसरी ओर फुटपाथी दुकानदारों के अतिक्रमण के कारण सड़क और संकरी हो गई है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की कचरा संग्रहण गाड़ियां जागरूकता संदेश प्रसारित करते हुए मोहल्लों में पहुंचती हैं, लेकिन शहर में कचरा निस्तारण के लिए कोई निर्धारित डंपिंग स्थल नहीं होने के कारण कई स्थानों पर खुले में कूड़ा फेंका जा रहा है। उनका यह भी कहना है कि शहर के 45 वार्डों में कहीं भी कचरा डालने के लिए स्पष्ट रूप से चिन्हित स्थल, सूचना बोर्ड या संकेतक उपलब्ध नहीं हैं।
समाजसेवी ने आरोप लगाया कि शहरवासी नियमित रूप से कर का भुगतान करते हैं, लेकिन उन्हें स्वच्छ वातावरण नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि नालियों की सफाई भी कई जगह अधूरी रहती है और निकाले गए कचरे को सड़क किनारे छोड़ दिया जाता है, जो बारिश के दौरान दोबारा नालियों में बह जाता है। इससे जलनिकासी व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
अमरदीप कुमार जय ने नगर आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने सफाई व्यवस्था में सुधार, कूड़ा उठाव की समय-सारिणी तय करने तथा शहर में स्थायी कचरा निस्तारण व्यवस्था विकसित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार करने की बात कही।

Join us on: