रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के लौकहा प्रखंड में रविवार की सुबह 18 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) राजनगर और लौकहा थाना पुलिस की संयुक्त छापेमारी में परतीटोला गांव स्थित एक अवैध बूचड़खाना से 10 गाय, 04 बछड़े तथा लगभग 30 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस बरामद किया है। छापेमारी के दौरान मौके से चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। ये कार्वाई सूत्रों से प्राप्त विश्वसनीय व गोपनीय सूचना पर की गई। कार्वाई एवं छापेमारी अभियान को ड्रोन निगरानी के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। वहीं, 18 वीं वाहिनी के कमांडेंट कोजा राम लमरोर के मार्गदर्शन में उप कमांडेंट डीसी ऑप्स अजीत सिंह के पर्यवेक्षण तथा सहायक कमांडेंट विकाश रॉय के नेतृत्व में कंपनी मुख्यालय सह बीओपी लौकहा की टीम व लौकहा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों में लौकहा थाना क्षेत्र के परतीटोला गांव का 40 वर्षीय मकसूद, पिता राजाउल्ला, 52 वर्षीय मोहम्मद शाहिद, पिता मोहम्मद हारून, मोहम्मद अकबर, पिता मोहम्मद वसीम और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। पकड़े गए आरोपीयों से प्रारम्भिक पूछताछ और आवश्यक विधिक औपचारिकताएँ पूरी करने के पश्चात बरामद पशु, संदिग्ध गोमांस तथा गिरफ्तार व्यक्तियों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु लौकहा थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया है कि मामले में प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। स्थानीय पुलिस और एसएसबी ने आपसी समन्वय और नियमित गश्ती से सीमावर्ती क्षेत्रों में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखने का आश्वासन दिया है। पूरे क्षेत्र में इस कार्रवाई के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगो ने एस एस बी एवं बिहार पुलिस की संयुक्त अभियान की सराहना किया हैं। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी अवैध बूचड़खानों, तस्करी व अन्य अपराधों के खिलाफ संयुक्त व सतत अभियान चलाए जाएंगे, ताकि सीमा-क्षेत्र में शांति और कानून- व्यवस्था बनी रहे।




