:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!
बेगूसराय में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक किसान की जान ले ली। जर्जर बिजली का तार टूटकर किसान के शरीर पर गिर गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों का आरोप है कि कई महीनों से जर्जर बिजली तार की शिकायत विभाग से की जा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर समय रहते तार बदला जाता तो आज यह हादसा नहीं होता।घटना बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव की है। मृतक किसान की पहचान गोपालपुर निवासी राम लखन महतो के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार राम लखन महतो खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार को वह खेत से घास लेकर घर लौटे थे। इसी दौरान घर के पास बिजली के पोल पर लगे बल्ब का स्विच ऑन करने गए। तभी पोल के पास मौजूद जर्जर बिजली का तार अचानक टूटकर उनके शरीर पर गिर गया। करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई महीनों से जर्जर तार को बदलने की मांग की जा रही थी, लेकिन विभाग ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि यदि समय पर तार बदल दिया जाता तो आज राम लखन महतो की जान बच सकती थी।
ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया कि सरकार बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के दावे करती है, लेकिन गांवों में अब भी जर्जर तार और पुराने उपकरण लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। आए दिन करंट लगने की घटनाएं सामने आती हैं, फिर भी विभाग समय रहते सुधार कार्य नहीं करता।घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई तथा उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
बाइट : मृतक के परिजन।



