रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले से लगने वाली भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सतत अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के एफ समवाय, बाह्य सीमा चौकी उसराही के जवानों ने एक सफल कार्रवाई करते हुए 171 लीटर नेपाल निर्मित शराब एवं दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। सीमा चौकी उसराही की गश्ती टीम कमला नहर स्थित बम्बू पुलिया के निकट, सीमा स्तंभ संख्या 271/4 से लगभग 01 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान नेपाल से भारत की ओर दो मोटरसाइकिलों पर बोरी लादकर आ रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों ने गश्ती दल को देखकर अपनी मोटरसाइकिलें छोड़ दीं और निकटवर्ती उसराही गांव की ओर भाग निकले। गश्ती दल द्वारा उनका पीछा किया गया, किन्तु वे मौके का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहे।
इसके उपरांत गश्ती दल द्वारा दोनों मोटरसाइकिलों पर लदी बोरियों की तलाशी ली गई, जिसमें नेपाल निर्मित सोफी (गौरव) शराब की कुल 570 बोतल, सभी 300 मि.ली. प्रति बोतल, कुल 171 लीटर बरामद हुई। साथ ही एक होंडा एसपी शाइन एवं एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को भी शराब के साथ जब्त कर लिया गया।
बरामद नेपाल निर्मित शराब एवं दोनों मोटरसाइकिलों की जब्ती सूची तैयार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु देवधा थाना को सुपुर्दगी कर दी गई।
इस बाबत कमांडेंट राजेन्द्र कुमार 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा है कि सीमा क्षेत्र में शराब एवं अन्य अवैध वस्तुओं की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सशस्त्र सीमा बल पूरी सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। सीमा पार अपराधीक गतिविधियों में संलिप्त तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी तथा सीमा क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।



