ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय


आरा। यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत आरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ दानापुर मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त उदय सिंह पवार तथा रेल पुलिस अधीक्षक पटना अनंत कुमार राय के निर्देश पर आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी आरा दीपक कुमार एवं रेल थानाध्यक्ष आरा रणधीर कुमार के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो व्यक्तियों को रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली गई।
तलाशी के क्रम में पहले अभियुक्त मोहम्मद सोनू, निवासी अबरपुर, थाना टाउन, भोजपुर के पास से एक ब्लेड एवं सोने जैसा प्रतीत होने वाला लॉकेट बरामद किया गया। जांच में पता चला कि वह यात्रियों एवं आम लोगों के गले में पहने जाने वाले लॉकेट, ताबीज और धार्मिक प्रतीकों के धागों को ब्लेड से काटकर चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी के विभिन्न मामलों में तीन बार जेल जा चुका है।
वहीं दूसरे अभियुक्त कृष्णैया माली, निवासी न्यायपुर, थाना मुफस्सिल, जिला बक्सर के पास से एक चोरी का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया। सत्यापन में यह भी सामने आया कि वह पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है।
आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर बरामद सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना आरा को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Join us on:

और पढ़ें