रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मिथिला की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जिवंत रखने के उद्देश्य से विद्यापति समारोह आयोजन को लेकर बैठक आयोजित
मधुबनी, मिथिला की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के उद्देश्य से महाकवि विद्यापति समारोह के आयोजन को लेकर बासोपट्टी में पहली बैठक आयोजित की गई। आयोजित बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रमुख बीरेंद्र झा उर्फ नुनु झा ने किया। बैठक में समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता और सहयोग का संकल्प लिया। बैठक में समारोह की रूपरेखा तैयार करने के साथ कार्यक्रम स्थल, मंच सज्जा, अतिथियों के आमंत्रण, स्वागत व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। समारोह में मिथिला की पारंपरिक संस्कृति, लोकगीत, मैथिली संगीत, विद्यापति के अमर पदों की प्रस्तुति तथा स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर देने पर विशेष जोर दिया गया। आगामी 28 एवं 29 नवंबर को दो दिवसीय विद्यापति समारोह आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। आयोजन को सफल एवं भव्य बनाने को लेकर समिति के सदस्यों का मनोनयन किया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि महाकवि विद्यापति केवल मिथिला के महान कवि ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मैथिली समाज की सांस्कृतिक पहचान और गौरव हैं। उनकी रचनाओं में प्रेम, भक्ति, लोकजीवन और सामाजिक चेतना की अद्भुत झलक मिलती है। ऐसे समारोह के आयोजन से नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा, साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखाई दे रहा है। समारोह को आकर्षक स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने तथा क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। आयोजकों ने कहा कि यह समारोह बासोपट्टी में मिथिला की सांस्कृतिक एकता और पहचान का प्रतीक बनेगा। आने वाले दिनों में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अगली बैठक 13 नवम्बर को आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष के रूप में बीरेंद्र झा उर्फ नुनु झा,उपाध्यक्ष संजय महतो,राजेश सिंह,महासचिव के रूप में रामनरेश ठाकुर,सचिव इंद्रजीत तिवारी,रेवतीलाल झा,अमन कुमार झा,कोषाध्यक्ष के रूप में विवेकानंद चौधरी एवं सह कोषाध्यक्ष के रूप में हितलाल सहनी को सर्वसम्मति से मनोनयन किया गया है। मौके पर सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल का मुआयना करते हुए आवस्यक रुप रेखा प्रदान करने को लेकर चर्च किया।



