पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर पूर्व मध्य रेल की बड़ी पहल, अभ्यर्थियों के लिए 30 से अधिक परीक्षा स्पेशल ट्रेनें!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

आरा। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। रेलवे प्रशासन द्वारा गत 14 जून को आयोजित परीक्षा के दौरान 19 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया था, जिसमें दानापुर मंडल की ओर से 12 स्पेशल ट्रेन चलाई गई थी, बता दे कि अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या और यात्रा सुविधा को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने 16 एवं 17 जून 2026 को भी 30 से अधिक परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। रेलवे का उद्देश्य है कि परीक्षार्थियों को समय पर और सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पटना से नरकटियागंज, भभुआ और गया के लिए भी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। इसके अलावा बक्सर, किऊल, राजगीर, बख्तियारपुर, बेतिया, दरभंगा और हाजीपुर के बीच भी विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित किया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है तथा भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों और अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें और रेलवे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे की यह पहल हजारों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी साबित होगी, जिससे उन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Join us on: