रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर मिडिया प्रतनिधियों को बताया है कि पतौना थाना क्षेत्र के जफरा गांव से बोरे में बंद युवक के शव बरामदगी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है। अवैध शराब की तस्करी में साझीदार रहे मृतक विकास कुमार यादव की उसके ही दोस्त पतौना थाना के रामनगर जफरा गांव निवासी मनीष चौपाल ने अपने पिता और चाचा के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया है। ये उक्त बातें बेनीपट्टी एसडीपीओ अमित कुमार ने बुधवार को बेनीपट्टी स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रेस प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए कही। उन्होंने बताया कि वादी विष्णुदेव यादव द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, विगत 07 नवंबर की रात के करीब 10:30 बजे आरोपी मनीष चौपाल अपने दो साथियों के साथ उनके घर आया और किसी काम के बहाने उनके बेटे विकास कुमार यादव को अपने साथ ले गया। काफी रात तक जब विकास वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसके मोबाइल नंबर 9931880684 पर संपर्क किया, जो स्विच ऑफ मिला। परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान पुलिस को सूचना दी गई। इसी बीच अगले दिन 8 नवंबर को मनीष चौपाल के घर के पूरब स्थित एक झाड़ी से बोरे में बंद विकास कुमार यादव का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका विधिवत पोस्टमार्टम कराया। इस मामले में एसपी के निर्देशन में उनके द्वारा एक विशेष जांच टीम का गठन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने अनुसंधान और छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से खून लगा हुआ दो ईंट, एक खून लगा सब्जी काटने वाला चाकू और खून से सना एक मैट बरामद हुआ। इसके अलावा, घर का आंगन पानी से धोया हुआ मिला, जिस पर खून के धब्बे होने के स्पष्ट प्रमाण मिले। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मनीष चौपाल को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कबूल करते हुए उसने बताया कि मृतक विकास और उसके बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों मिलकर शराब की तस्करी करते थे। इसी दौरान विकास का मनीष के घर आना-जाना था। मृतक विकास की नजर मनीष की पत्नी पर बुरी थी, जिसको लेकर पहले भी एक-दो बार दोनों के बीच बकझक हो चुकी थी। घटना की रात शराब तस्करी के सिलसिले में जब विकास मनीष के घर पहुंचा, तो उसने मनीष की पत्नी के साथ जबरन गलत हरकत करने का प्रयास किया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद भी हुआ। जिसके बाद आरोपी ने विकास के घर आकर किसी काम होने की बात कहकर बुलाकर अपने घर ले गया। जहां फिर दोनों में कहासुनी और मारपीट होने लगी और विवाद इतना बढ़ा कि मनीष ने अपने पिता राजकुमार चौपाल और चाचा रामनारायण चौपाल के साथ मिलकर ईंट और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर विकास कुमार यादव की हत्या कर दी। हत्या को छुपाने के लिए शव को बोरे में बंद कर घर के पास ही झाड़ी में फेंक दिया गया था। घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू,मैट, ईंट व बाल्टी आदि भी आरोपी के घर से पुलिस द्वारा बरामद कर लिये गए। छापेमारी टीम में पतौना थानाध्यक्ष अनुराग कुमार, पुलिस अबर निरिक्षक विकास कुमार, कंचन कुमारी, एएसआइ रविन्द्र कुमार, पीटीसी रजनीश कुमार, सिपाही विकास कुमार, वीर शक्ति और महिला सिपाही यदिती कुमारी शामिल थे। गिरफ्तार हत्यारे से आवस्यक पूछ ताछ एवं आवस्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत मे भेज दिया गया है।



