रिपोर्ट: सोनू सिंह।
नवादा में साइबर अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, SI समेत दो पुलिसकर्मी घायल; पकड़े गए चारों आरोपियों को छुड़ाया
नवादा। बिहार के नवादा जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सोढ़ीपुर गांव में छापेमारी के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। इस हमले में एक पुलिस पदाधिकारी और एक जवान घायल हो गए। वहीं, हमलावरों ने पुलिस की गिरफ्त में आए चारों संदिग्धों को भी छुड़ा लिया। घटना के बाद इलाके में पुलिस की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
तकनीकी सूचना के आधार पर की गई थी छापेमारी
नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि 11 नवंबर 2026 को करीब दो बजे साइबर थाना की पुलिस टीम ने तकनीकी आसूचना के आधार पर वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सोढ़ीपुर गांव में छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने साइबर अपराध में संलिप्त चार लोगों को पकड़ा था।
पुलिस बल पर पथराव कर किया हमला
पुलिस की कार्रवाई देखकर कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले में एक पुलिस पदाधिकारी और एक जवान जख्मी हो गए। इसी दौरान हमलावरों ने पुलिस द्वारा पकड़े गए चारों लोगों को भी मौके से छुड़ा लिया।
घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद पुलिस ने दोनों घायल कर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि हमले में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
48 घंटे के भीतर सरकारी टीम पर हमले की दूसरी घटना
गौरतलब है कि नवादा जिले में पिछले 48 घंटे के भीतर सरकारी टीम पर हमले की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। लगातार सरकारी टीमों को निशाना बनाए जाने से जिले में कानून-व्यवस्था और सरकारी कर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
नवादा पुलिस ने कहा है कि पुलिस पर हमला करने और आरोपियों को छुड़ाने में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



